लेखक चेतन भगत की बुक पर आधारित और मोहित सूरी द्वारा निर्देशित फिल्म ‘हाफ गर्लफ्रेंड’ का आज ट्रेलर रिलीज कर दिया गया है। फिल्म में म श्रद्धा कपूर और अर्जुन कपूर मुख्य भूमिका में हैं। ये फिल्म चेतन भगत की इसी नाम से मशहूर अंग्रेजी उपन्यास ‘हाफ गर्लफ्रेंड’ पर आधारित है।
इस मौके पर अर्जुन ने कहा कि फिल्म में एक बिहारी किरदार होने के नाते उन्होंने अपने लहजे पर काफी काम किया, जो लोगों को काफी पसंद आएगा। अर्जुन ने कहा कि हम सबकी जिंदगी में ऐसे रिश्ते भी होते हैं, जो आधे अधूरे होते हैं मगर एक सहूलियत का एहसास भी कराते हैं।
अर्जुन ने अपनी जिंदगी के इकतरफा प्यार का उदाहरण देते हुए एक रोचक किस्सा भी बताया। अर्जुन ने कहा कि वो जिस लड़की से प्यार करते थे, उससे वो अपने प्यार का इजहार करने के बारे में सोच ही रहे थे और कुछ हफ्ते का समय लेकर वो ऐसा करने वाले थे। अर्जुन ने आगे बताया कि वो अच्छे कपड़े पहनकर उस लड़की से मिलने जिस रेस्तरां में पहुंचे थे, वो लड़की एक लड़के का हाथ पकड़कर वहां पहुंची और हंसते हुए उस लड़के का परिचय अपने ब्वॉयफ्रेंड के तौर पर कराया।
अर्जुन ने इस घटना को याद करते हुए बताया कि उस वक्त उन्हें ऐसा लगा कि अगर चार घंटे पहले वो उस लड़की से मिलकर अपने मन की कह देते, तो वो लड़की आज उनकी गर्लफ्रेंड होती! अर्जुन ने बताया कि अब उस लड़की की शादी हो चुकी है, वो लंदन में रहती है और वो दोनों अब भी दोस्त हैं और आज भी टच में हैं, लेकिन उस वक्त उनका वो रिश्ता अधूरा रह गया था।
फिल्म का ट्रेलर यहां देखें…