फरीदाबाद,23 अक्तूबर। बल्लभगढ़ के अलग अलग इलाकों में तीन लोगों को गोली लगने की खबर है। बीती रात बल्लभगढ की चावला कॉलोनी में दुकान बंद कर रिक्शे से घर जा रहे दुकानदार और रिक्शा चालक को मोटरसाईकिल सवार बदमाश ने गोली मार दी। दूसरे मामले में हरि विहार इलाके में एक व्यक्ति ने पडोसी के घर का दरवाजा खटखटा उसे गोली मार दी। घायलों में एक को दिल्ली के एम्स जबकि दो को सफदरजंग अस्पताल में रेफर किया गया है। जहां तीनों की हालत चिंताजनक बनी हुई है। पुलिस दोनों ही मामलों में केस दर्ज कर जांच की बात कह रही है।
जानकारी के अनुसार बल्लभगढ़ की चावला कॉलोनी में देर रात मोटरसाईकिल सवार बदमाश अपनी दुकान बंद कर लौट रहे मुकेश मित्तल नाम के दुकानदार को गोली मारकर फरार हो गए। इतना ही नहीं जिस रिक्शा में मुकेश घर जा रहे थे बदमाशों ने उस रिक्शा चालक के पेट में भी गोली मार दी। दोनों को पहले फरीदाबाद के बादशाह खान अस्पताल में दाखिल कराया गया। बाद में डॉक्टरों ने दोनों को दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में रेफर कर दिया। मुकेश मूल रूप से राजस्थान का रहने वाला है जबकि दूसरा घायल नसीमुद्दीन मेवात के पुनहाना का है। यहां रहने वाले वरुण की मानें तो रात को उसने कई गोलियों की आवाज सुनी तो वो बाहर निकल कर आया। उसने देखा कि उनके पड़ोस में रहने वाला मुकेश और रिक्शा चालक सड़क पर खून से लथपथ पड़ा था। पड़ोस में रहने वाले ही प्रवीण के अनुसार पुलिस के 100 नंबर पर उसने कई बार फोन किया, लेकिन किसी ने फोन नहीं उठाया।
दूसरा मामला बल्लभगढ़ के ही हरी विहार इलाके का है। यहां रविवार सुबह चार बजे का है जहां एक व्यक्ति ने पडोसी के घर का दरवाजा खटखटा बाहर आने पर उसे गोली मार दी। दोनों के बीच पुरानी रंजिश होने की बात सामने आई है। 48 साल का विनोद गोली लगने से घायल हो गया। घायल विनोद की पत्नी अंजू का कहना है कि कुछ दिनों पहले आरोपी ने उनके लड़के का हाथ तोड़ दिया था जिसकी रिपोर्ट उन्होंने पुलिस में दी थी। इसी बात का बदला लेने के लिए आरोपी ने उनके पति पर जानलेवा हमला कर दिया। अंजू ने बताया कि आरोपी कई बार विनोद का पीछा कर चुका है और आज दरवाजे पर आवाज लगा कर उसे बुला लिया। जैसे ही वह दरवाजा खोलने लगा तो आरोपी ने फायर कर दिया। जिसमें विनोद को गोली लग गई। उन्होंने पुलिस को सूचना दे दी है वहीं पुलिस दोनों ही मामले में केस दर्ज कर जांच करने की बात कह रही है।