बगीचे में फल-सब्जी आने लगे तो ज्यादातर लोगों का खून बढ़ जाता है। लेकिन यहां के शख्स को बगीचे में तोरई दिखी तो डर के मारे उनका खून ही सूख गया। इसके पीछे दो कारण थे। पहला यह कि उनके बगीचे में तोरई की बेल ही नहीं लगी थी। दूसरा यह कि वह विशालकाय तोरई असल में बम था।
दक्षिण-पश्चिम जर्मनी के एक कस्बे में रहने वाले 81 वर्षीय इस शख्स के बगीचे में कोई यह बम फेंक गया। दिखने में तोरई के आकार का बम 5 किग्रा वजनी था। इसे देखकर तो वृद्ध के होश ही उड़ गए। पुलिस ने आकर जब बम की पड़ताल की तो पता चला कि वह द्वितीय विश्व युद्ध का बम था, जो तब फट नहीं पाया था। विश्व युद्ध के समय जर्मनी पर बरसाए गए बम आज भी धरती से निकलते रहते हैं।