उत्तर प्रदेश के कासगंज में किस तरह एक मामूली विवाद को सांप्रदायिक हिंसा में बदलने की साजिश की गई, उसका राज अब खुलता जा रहा है. इसी क्रम में पुलिस ने एक शख्स को गिरफ्तार किया है, गिरफ्तार हुए शख्स पर आरोप है कि वह सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक विडियो और तस्वीरों के जरिए लगातार लोगों को भड़का रहा था।
कासगंज के एसएसपी ने गिरफ्तारी की पुष्टि की है। पुलिस को जानकारी मिली कि ‘नक्षत्र कम्प्यूटर्स’ नामक वॉट्सऐप ग्रुप पर कुछ लोग भड़काऊ विडियो और तस्वीरों को पोस्ट कर रहे हैं। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए ग्रुप के ऐडमिन राम सिंह नामक शख्स को अरेस्ट कर लिया है। इसके साथ ही ग्रुप के ही एक और सदस्य की तलाश की जा रही है, जिसका नाम अजय गुप्ता बताया जा रहा है। दोनों आरोपी कासगंज के गंजडुंडवारा इलाके के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
मंगलवार को गंजडुडवारा इलाके में कुछ अराजक तत्वों ने एक धार्मिक स्थल के गेट पर आग लगा दी। आग को समय रहते बुझा दिया गया और लापरवाही बरतने के आरोप में सिपाहियों पर कार्रवाई भी की गई है। इस मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी।
गौरतलब है कि 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस के दिन कासगंज में दो पक्षों के बीच हिंसा हुई थी, जिसमें चंदन गुप्ता नामक एक युवक की गोली लगने से मौत हो गई थी। युवक की हत्या के बाद से कासगंज में हिंसा और आगजनी शुरू हो गई थी, जिस पर लगाम लगाने के उद्देश्य से इंटरनेट सेवा बंद कर दी गई थी।