गोवा के मंत्री विजय देसाई ने उत्तर भारतीयों पर विवादित टिप्पणी की है। उन्होंने कहा कि उत्तर भारतीय गोवा को दूसरा हरियाणा बना रहे हैं और ऐसे लोग यहां आकर गंदगी फैलाते हैं। हम गोवा को दूसरा गुरुग्राम नहीं बनने देंगे। गोवा बिज फेस्ट में बात करते हुए विजय ने कहा, ‘आज गोवा की आबादी पर्यटकों के रूप में लगभग छह गुना है। ये पर्यटक धरती पर गंदगी हैं।’
कड़ा कानून की जरूरत
मंत्री विजय सरदेसाई ने सरकार की सस्ती घरेलू पर्यटन पॉलिसी की भी आलोचना की। विजय ने कहा कि सरकार की पॉलिसी की वजह से ही राज्य में 1.2 करोड़ टूरिस्ट आ जाते हैं। उत्तर भारत से आने वाले पर्यटक गोवा में गंदगी और सफाई के मुद्दे को और मुश्किल बना रहे हैं। वहीं बीचों और शहरों में बढ़ रहे कचरे की समस्या को उजागर करते हुए मंत्री ने कहा कि जब से गोवा आने वाले पर्यटकों की संख्या बढ़ रही है, उन्हें साफ-सफाई रखने के लिए शिक्षित और नियंत्रित नहीं किया जा पा रहा है। हमें ऐसे कानून लाने की जरूरत है जो आपको टैक्स देने, जुर्माना देने और कानून का पालन करने के लिए मजबूर कर देंगे।