दिल्ली यूनिवर्सिटी की पहली कट ऑफ लिस्ट आने के बाद उसके विभिन्न कॉलेजों में 11,000 से ज्यादा स्टूडेंट्स ने एडमिशन लिया। पिछले साल की तुलना में करीब छह गुना ज्यादा एडमिशन हुए हैं। पहली कट ऑफ के दाखिले बंद हो चुके है। जिन कॉलेजों में सीटों से अधिक दाखिले हो गए हैं, वहां बीए प्रोग्राम की दूसरी सूची जारी नहीं होगी। इसी तरह कुछ जगहों पर बीकॉम ऑनर्स की दूसरी सूची नहीं निकाली जाएगी। हालांकि, शिफ्टिंग का दौर शुरू होने पर तीसरे कटऑफ में दाखिले फिर खुलने की संभावना है।
राहत की बात यह है कि अधिकतर कॉलेजों में दूसरी कटऑफ में छात्रों के पास दाखिले के विकल्प खुले रहेंगे। डीयू में पहले दिन धीमे सर्वर के कारण आई समस्या को देखते हुए आखिरी दिन छात्रों को राहत दी गई। डीयू प्रशासन ने कॉलेजों को दोपहर 3.30 बजे तक दाखिला लेने का निर्देश दिया था। हालांकि देर शाम तक दाखिले होते रहे। सुबह से शाम तक छात्रों व अभिभावकों की भीड़ कैंपस में जमा रही। बता दें कि सोमवार यानी 25 जून को दूसरी कटऑफ जारी की जाएगी। वहीं, पहली कटऑफ के दाखिले के आखिरी दिन तक करीब 11000 छात्रों के दाखिले मंजूर हुए। जबकि 5000 ने ऑनलाइन फीस का भुगतान कर दिया।
खास बात यह है कि व्यवहारिक कटऑफ निकाले जाने से एसआरसीसी में सामान्य वर्ग के लिए बीकॉम व ईको ऑनर्स में दाखिले की गुंजाइश अब भी है। जबकि ईको ऑनर्स में एससी वर्ग के लिए दाखिले अभी से बंद हो चुके हैं। बीकॉम ऑनर्स में अब तक 420 व ईको ऑनर्स में 99 दाखिले हो चुके हैं।
दस्तक इंडिया मीडिया समूह समझता है कि सोशल मीडिया के इस जमाने में आपके पास ब्रेकिंग न्यूज के काफी विकल्प हैं। इसलिए हम उनपर फोकस न करते हुए आपके लिए इनसाइड स्टोरी पर ज्यादा जोर देते हैं, क्योंकि वो आपको कोई नहीं बताता। इसके अलावा हम आपको धर्म, लाईफस्टाईल, टेक और ऑटो जैसी कटैगरी की खबरें भी आप तक पहुंचाते हैं।