नई दिल्ली- गुरुवार को केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि, साल 2023 में देश में अब तक 2.78 लाख से अधिक इलेक्ट्रिक वाहन पंजीकृत किए गए हैं।
गडकरी ने लोकसभा में एक लिखित तौर पर बताया कि, आंध्र प्रदेश और मध्य प्रदेश वाहन पोर्टल पर माइग्रेट करने की प्रक्रिया में हैं और इसीलिए ईवी रजिस्ट्रेशन पर उनका डेटा आंशिक रूप से शामिल है, जबकि तेलंगाना और लक्षद्वीप डेटा पोर्टल रजिस्टर्ड नहीं है।
पोर्टल के आंकड़ों के अनुसार, भारत में इलेक्ट्रिक वाहनों का पंजीकरण साल 2021 में 3,29,808 से बढ़कर साल 2022 में 10,20,679 हो गया था।
गडकरी ने यह भी कहा कि, भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण NHAI ने 2016 से फरवरी 2023 तक की अवधि के दौरान ग्रीन फील्ड नीति के तहत 344.27 लाख पेड़ लगाए हैं।
एक अन्य सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि, NHAI ब्राउनफील्ड राष्ट्रीय राजमार्गों और ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे पर हर 30 से 40 किलोमीटर पर वेसाइड सुविधाओं (WSA) के विकास में कार्यरत है और अभी तक लगभग 156 WSA प्रदान किए जा चुके हैं।
ये भी पढें- Navratri Special offer: इस नवरात्रि खरीदें बेहद सस्ती यह 10 कारें, होगी भारी बचत
गडकरी के अनुसार, निजी निवेशकों के लिए व्यापार करने में आसानी को बढ़ावा देने के लिए मंत्रालय ने NSWS के तहत ऑटोमेटेड टेस्ट स्टेशनों और पंजीकृत वाहन स्क्रैपिंग सुविधाओं की स्थापना के लिए पंजीकरण प्रमाण पत्र प्रदान करने के लिए आवेदनों की सुविधा भी प्रदान की है।
NSWS पर रहने वाले राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में आंध्र प्रदेश, असम, बिहार, चंडीगढ़, दिल्ली, गोवा, गुजरात, हरियाणा, झारखंड, कर्नाटक, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, ओडिशा, पंजाब, उत्तर प्रदेश समेत अन्य कई राज्य शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार को 17 राज्यों में पंजीकृत वाहन स्क्रैपिंग सुविधाएं स्थापित करने के लिए 79 निवेशकों से आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें से 48 को संबंधित राज्यों द्वारा मान्यता प्रदान की गई है।
मंत्री द्वारा उपलब्ध कराए गए आंकड़ों के अनुसार, जनवरी 2022 से 20 मार्च, 2023 तक देश में 8,220 पुराने वाहनों को स्क्रैप किया गया। सबसे अधिक पुराने वाहनों को उत्तर प्रदेश (6,247), इसके बाद गुजरात (1,244) और असम (357) में स्क्रैप किया गया।