पिछले साल सोनू निगम के अजान के बारे में विवादित बयान देने पर कुछ लोगों ने उनको खूब खरी-खोटी सुनाई थी।सोशल मीडिया पर इसपर काफी बवाल मचा था। उनके बयान के लिए सब ने उन्हें आड़े हाथों लिया था। खैर, यह मामला थोड़े दिन बाद सोशल मीडिया पर शांत हो गया लेकिन लगता है कि सोनू का पीछा अब भी इससे नहीं छूट पाया है। बात इतनी बढ़ गई है कि अब सोनू निगम की जान पर बन आई है।
पुलिस की इंटेलीजेंस रिपोर्ट के मुताबिक उनकी हत्या की साजिश रची जा रही है। महाराष्ट्र सरकार के खुफिया विभाग ने मुंबई पुलिस को एक एडवाइजरी दी है, जिसमें कहा गया है कि गायक सोनू निगम और भाजपा के दो नेताओं की जान को खतरा है। सोनू निगम के बारे में एडवाइजरी में कहा गया है कि उनकी हत्या की साजिश रची जा रही है। आतंकी समूह किसी सार्वजनिक स्थान, फिल्म प्रमोशन कार्यक्रम या किसी अन्य इवेंट में सोनू निगम पर हमला कर सकता है। सोनू निगम के अलावा जिन दो भाजपा नेताओं के बारे में एडवाइजरी दी गई है उनमें राम कदम और आशीष शेलर हैं। खुफिया सूचना के बाद मुंबई पुलिस ने गायक सोनू निगम की सुरक्षा बढ़ा दी है। पुलिस ने कहा है कि सार्वजनिक स्थान या किसी इवेंट के दौरान सोनू को विशेष सुरक्षा दी जाएगी।