फरीदाबाद। यहां की ग्रीनफील्ड कालोनी में रहने वाले एक दसवीं कक्षा के छात्र ने बीती रात अपने घर में फांसी का फंदा लगा कर आत्महत्या कर ली। मृतक छात्र पढ़ाई में काफी कमजोर था। कुछ ही दिनों में दसवीं कक्षा का परिणाम आने वाला था। छात्र को इस बात को डर सता रहा था कि कहीं वह फेल न हो जाए। सुबह घटना का पता चलते ही परिजनों ने पुलिस को सूचना दे दी। थाना सूरजकुंड ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए बादशाह खान अस्पताल भेज दिया है।
जानकारी के मुताबिक सूरजकुंड इलाके की ग्रीनफील्ड कालोनी में रमेश चंद नामक व्यक्ति अपने परिवार के साथ रहते है। वह शहर में ही अपना व्यवसाय चलाते है। बताया गया है कि उनका बड़ा बेटा बीटेक कर रहा है। जबकि 16 साल का छोटा बेटे निर्मल एक निजी स्कूल में पढ़ रहा था। उसने इस बार सीबीएसई से दसवीं कक्षा की परीक्षा दी थी। उसकी परीक्षाएं ठीक नहीं हुई थी। परीक्षा खत्म होने के बाद से निर्मल हर समय परेशानी की हालत में रहता था। निर्मल को इस बात का डर सता रहा था कि कहीं वह फेल न हो जाए। इस डर की वजह से वह घर में हर समय परेशानी की हालत में बैठा रहता था। पता चलने पर परिवार के लोगों ने उसे काफी समझाने का प्रयास किया। लेकिन उसकी परेशानी जरा भी कम नहीं हुई। जैसे जैसे परिणाम आने का समय नजदीक आ रहा था, उसकी परेशानी और बढ़ रही थी। अन्य दिनों की तरह बीती रात भी निर्मल खाना खाने के बाद अपने कमरे में जाकर सो गया। सुबह जब वह काफी देर तक नहीं उठा तो परिवार के लोग उसे जगाने के लिए चले गए। उन्होंने कमरे में जाकर देखा कि निर्मल फांसी के फंदे से झूल रहा है। परिजनों की सूचना पर पुलिस ने तुरंत शव को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया।