अजय चौधरी
आगरा नहर के पुल पर रिक्शा पलट जाने से रिक्शा चला रहा एक 13 साल का किशोर नहर में जा गिरा। रिक्शे पर पीछे से मोटरसाईकिल से धक्का लगा रहा युवक भी नहर में कूद गया। मोटरसाइकिल सवार युवक पर भी अधिक तैरना नहीं आता था। जिसे मौके पर पहुंची पुलिस ने बचा लिया। नहर में डूबे किशोर की तलाश में पुलिस, गोताखोर और फायर ब्रिगेड की टीम लगी हुई हैं।
https://youtu.be/B9RAN2wr9K4
जानकारी के अनुसार गुरुवार दोपहर सीही गांव के तीन किशोर रिक्शे से आगरा नहर को तिगांव रोड पर बने पुल से पार कर रहे थे। किशोरों का बडा भाई पीछे मोटरसाइकिल से रिक्शे को पैर से धकेल रहा था। पुल पर सडक ऊंची नीची होने के कारण रिक्शा अनियंत्रित होकर पलट गया और रिक्शा चला रहा किशोर नहर में जाकर गिर गया। किशोर को बचाने के लिए मोटरसाइकिल सवार युवक ने भी नहर में छलांग लगा दी मगर कम तैरना आने के कारण वो उसे बचा पाने में नाकामयाब रहा। बाद में पुलिस की मदद से मोटरसाइकिल सवार युवक को बहार निकाला गया। खबर लिखे जाने तक किशोर की तलाश में एनडीआरएफ के गोताखोर, पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम लगी हुई हैं। घटना का पता चलते ही नहर के आसपास काफी संख्या में स्थानीय लोगों की भीड जुट गई जिसे पुलिस की मदद से हटाया गया ताकि रेस्कूयू ऑपरेशन में कोई परेशानी न आए।
एसीपी तिगांव बलबीर सिंह ने बताया कि सिही गांव के दो से तीन लडके नहर की पटडी से जा रहे थे वो रिक्शा को धकेल रहे थे उनका रिक्शा अनियंत्रित होकर आगरा नहर में जा गिरा। रिक्शा चला रहा लडका नहर में डूब गया। उसको ढूंढने के लिए एक और लडका नहर में कूदा जिसे भी तैरना कम आता था। जिसे पुलिस ने बचा लिया। वहीं दूसरे लडके को ढूंढने के लिए गोताखोर और फायर ब्रिगेड की टीम लगी हुई है। उन्होंने बताया कि अगर जरुरत हुई तो नहर में पानी का प्रवाह बंद कर दिया जाएगा।