कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री एन धर्म सिंह का आज दिल का दौरा पड़ने के बाद एक निजी अस्पताल में निधन हो गया।
डॉक्टरों ने कहा कि 80 वर्षीय धर्म सिंह पिछले कुछ महीनों से बीमार चल रहे थे। वह अपने घर पर बेहोश हो गए। जिसके बाद उन्हें एम एस रामइया अस्पताल ले जाया गया। जहां करीब 40 मिनट बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
धर्म सिंह ने 2004 से 2006 के बीच कांग्रेस और जनता दल के गठबंधन वाली सरकार का नेतृत्व किया था। वह नौ बार विधायक रहने के साथ साथ ही लोकसभा सदस्य भी रहे। उन्होंने कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस समिति की अध्यक्षता भी की।
आपातकालीन चिकित्सा विभाग के सहायक प्रोफेसर डॉ. वी आर अनिल कुमार ने पीटीआई-भाषा को बताया, ‘‘उन्हें बहुत पसीना आ रहा था। हृदय रोग विशेषज्ञों ने उनका इलाज किया लेकिन उसका कोई असर नहीं हुआ। उन्हें पूर्वाह्न करीब 11:30 बजे मृत घोषित कर दिया गया।
धर्म सिंह को शायरी का काफी शौक था। अपने कार्यालय का आखिरी दिन उन्होंने इस शायरी के साथ खत्म किया, ‘ना जाने किन किन की दुआओं में रहते हैं… हम डूबते हैं, समंदर उछाल देता है।
अमूमन शांत व्यवहार के माने जाने वाले धर्म सिंह को उस काफी गुस्से में देखा गया था जब विधानसभा में अविश्वास मत में हारने के बाद उन्होंने अपना इस्तीफ दे दिया था। वह 30 साल तक उत्तरी कर्नाटक के गुलबर्ग में जेवार्गी विधानसभा क्षेत्र से विधायक रहे।