उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी अब भारतीय जनता पार्टी के स्टार प्रचारक में शामिल हो गए हैं। वामपंथियों के गढ़ केरल में अपनी सफल रैली के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज से ‘गुजरात गौरव यात्रा’ में भाग लेंगे।
योगी आदित्यनाथ की गुजरात यात्रा राज्य में आसन्न विधानसभा चुनाव के मद्देनजर काफी महत्वपूर्ण समझी जा रही है। गुजरात गौरव यात्रा कई जिलों से गुजरेगी। शनिवार को योगी की यात्रा भुज से शुरू होगी। इस दिन उनकी सुखपुर, मनकुवा, समना, देसालपुर, देवपर, नख्यात्राना, मनगांव, गधारीशा, शेरडी, मांडवी, विदादा, भुजपुर और मुंडरा में जनसभाएं होंगी। रात करीब नौ बजे उनका दूसरे दिन का यात्रा कार्यक्रम समाप्त होगा। वहां से वह दिल्ली लौटकर यूपी सदन में रुकेंगे। अगले दिन लखनऊ आएंगे।
व्यस्ततम कार्यक्रम के बावजूद वहां पर मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश के विकास की भी बात करेंगे। आज सूरत में रुकने के दौरान वह वहां उत्तर भारतीय उद्योग परिसंघ के प्रतिनिधिमंडल से मिलकर उनसे प्रदेश की नई औद्योगिक नीति का हवाला और सुरक्षा की गारंटी देते हुए उनको प्रदेश में निवेश का आमंत्रण देंगे।