हरियाणा में महिलाओं के साथ दुष्कर्म के मामले बढ़ते जा रहे हैं। बुधवार को फतेहाबाद के भूथान गांव में एक 20 साल की लड़की के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया। महिला के साथ गैंगरेप उस समय हुआ जब वह घर में अकेली थी। पीड़ित महिला का आरोप है कि उसके साथ दो लोगों ने दुष्कर्म किया।
हरियाणा पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की धर-पकड़ के लिए एक विशेष टीम बनाई है।
फेतहाबाद महिला पुलिस स्टेशन की एसएचओ बिमला देवी ने समाचार एजेंसी एएनआई को बताया, ‘पीड़ित लड़की को चिकित्सा जांच के लिए भेजा गया है। आरोपियों के खिलाफ आईपीसी की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एक टीम बनाई गई है, उन्हें जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।’
गौरतलब है कि महिलाओं के साथ रेप और गैंगरेप की घटनाओं और कानून-व्यवस्था को लेकर हरियाणी की मनोहर लाल खट्टर सरकार सवालों के घेरे में आ गई है। हाल के दिनों में राज्य के अलग-अलग शहरों में महिलाओं के साथ दुष्कर्म की कई घटनाएं सामने आई हैं।
महिलाओं के साथ दुष्कर्म की घटनाओं पर घिरे राज्य के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने राजनीतिक पार्टियों से इस मुद्दे पर राजनीति न करने का अनुरोध किया है। हाल की दुष्कर्म की घटनाओं को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए खट्टर ने बुधवार को कहा कि अपराधियों को न्याय की जद में लाने के लिए उनकी सरकार सभी उपाय करेगी।
हिसार में 3 साल की बच्ची से रेप
राज्य में बलात्कार की एक और घटना प्रकाश में आई है जिसमें राज्य के हिसार स्थित एक कालोनी में 3 साल की बच्ची से 14 वर्षीय एक किशोर ने कथित रूप से बलात्कार किया। हालांकि आरोपी को पकड़ लिया गया है। हरियाणा में पिछले 5 दिनों में रेप की ये 5वीं घटना है।
हाल ही में कुरुक्षेत्र/जींद, पानीपत, पिंजौर और फरीदाबाद में ये रेप की घटनाएं हुई हैं। इनमें से तीन मामलों में पीड़िता की बेरहमी से हत्या कर दी गई। हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपिंदर सिंह हुड्डा ने मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर पर कड़ा हमला बोलते हुए कहा कि हरियाणा में अपराध बढ़ने के पीछे ‘अराजकता’ और ‘नेतृत्व’ की कमी सबसे महत्वपूर्ण कारण है। उन्होंने कहा, ‘राज्य में खराब कानून व्यव्स्था के मुद्दे पर हम राज्यपाल से मिले हैं। हाल में हुई कई रेप की घटनाओं ने हमारा सिर शर्म से झुका दिया है।