पाकिस्तान की ओर से हो रही गोलीबारी पर भारत के गृहमंत्री राजनाथ सिंह का बयान आया है। उन्होंने कहा, “भारत के वीर जवानों पर भरोसा रखिए। इससे अधिक मैं कुछ नहीं कहना चाहता।” वे पहले भी कह चुके हैं कि अगर बिना वजह सेना को उकसाया जाएगा तो एक के बदले 10 गोलियां पाकिस्तान को मिलेंगी।
जम्मू-कश्मीर में अंतर्राष्ट्रीय सीमा पर पाकिस्तानी रेंजरों द्वारा की गई ताजा गोलीबारी में सीमा सुरक्षा बल का एक जवान और तीन नागरिक घायल हो गए। एक पुलिस अधिकारी ने कहा, “अखनूर से लेकर आर.एस. पुरा तक पाकिस्तानी रेंजरों ने भारतीय नागरिकों और सैन्य ठिकानों को निशाना बनाने के लिए अंधाधुंध गोलाबारी और गोलीबारी की।”
अरनिया सेक्टर में भी फायरिंग लगातार जारी है। लोग अपने घरों में ताले लगा कर चले गए हैं। यहां के मुख्य बाजार में पाकिस्तान ने मोर्टार के जरिए हमला किया। इस पर POF (पाकिस्तान ऑर्डिनेंस फैक्टरी) लिखा है।पाकिस्तान ने लगातार तीसरे दिन सीजफायर का उल्लंघन किया।पाकिस्तानी रेंजर्स ने गांवों को निशाना बनाते हुए पूरी रात गोलाबारी की। बीएसएफ के जवान पाकिस्तानी गोलीबारी का करारा जवाब दे रहे हैं।
पाकिस्तान जान-माल को नुकसान पहुंचाने के लिए भारत के गांवों को निशाना बना रहा है। परग्वाल सेक्टर में बीएसएफ का एक जवान इस हमले में घायल हो गया, उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।पाकिस्तानी रेंजरों ने अंतरराष्ट्रीय सीमा से लगे अरनिया, रामगढ़, सांबा और हीरानगर सेक्टर में गोलीबारी की। अखनूर के कनाचक सेक्टर में दो लोग घायल हो गए तथा एक लड़की को भी मामूली जख्म आए हैं।सीमा से लगे इलाकों में रहने वाले 8,000-9,000 लोग सुरक्षित जगहों पर चले गए हैं। एक हजार से ज्यादा लोग आर एस पुरा, सांबा और कठुआ क्षेत्रों में बने शिविरों में रह रहे हैं। अगले तीन दिनों के लिए शैक्षणिक संस्थानों को बंद कर दिया गया है।अंतर्राष्ट्रीय सीमा पर सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के जवान करीब 100 चौकियों से पाकिस्तान की गोलीबारी का करारा जवाब दे रहे हैं।