उत्तर प्रदेश के कैराना से भारतीय जनता पार्टी के सासंद हुकम सिंह का निधन हो गया है। पिछले एक महीने से वह नोएडा के जेपी हॉस्पिटल में भर्ती थे। वे सांसों की बीमारी से पीड़ित थे।
उनके निधन की खबर सुनते ही पार्टी और समर्थकों के बीच शोक की लहर दौड़ गई। डॉक्टरों ने उन्हें बचाने की हर संभव कोशिश की लेकिन बचाने में असफल रहे।
सांसद हुकुम सिंह के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए पीएम मोदी ने ट्वीट किया, ‘उत्तर प्रदेश से सांसद और अनुभवी नेता श्री हुकुम सिंह जी के निधन से दुःखी हूं। उन्होंने यूपी के लोगों की तत्परता से सेवा की और किसानों की बेहतरी के लिए काम किया। दुःख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके परिवार के साथ हैं।’
हुकुम सिंह अपने बयानों के कारण कई बार चर्चा में आए थे। उन्होंने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले कैराना से हिंदुओं के पलायन का मुद्दा भी उठाया था। जिसके बाद विधानसभा चुनाव में बड़ा मुद्दा बना था।
रेप की घटनाओं को लेकर भी उन्होंने एक बार विवादित बयान दिया था। हुकुम सिंह ने कहा था कि आजतक किसी भी हिंदू लड़के ने मुस्लिम लड़की का रेप नहीं किया है।
हुकुम सिंह का जन्म 5 अप्रैल 1938 को हुआ था। स्नातक उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से किया था। वहीं पर हुकुम सिंह ने बीए और एलएलबी की पढ़ाई पूरी की थी।
हुकुम सिंह ने 1985-1986 तक यूपी सरकार में राज्यमंत्री का पदभार संभाला। वे यूपी सरकार में 1986-1989 और 1996-2004 के दौरान कैबिनेट मंत्री रहे। मई 2014 में वे 16वीं लोकसभा में निर्वाचित किए गए।