दाती महाराज के पाली आश्रम अपराध शाखा के वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि आश्रम में रहकर करीब 700 लड़कियां पढ़ाई कर रही हैं। सभी का खर्च दाती महाराज उठाता है। पुलिस को छापेमारी में 100 लड़कियां ही मिली और अधिकांश कमरे खाली मिले। अब सवाल यह है कि 600 लड़कियां कहां गई, किसी डर के चलते दाती महाराज ने इन 600 लड़कियों को गायब कर दिया है या वे छुट्टियां होने के कारण अपने घर चली गई हैं। छापेमारी के दौरान पीड़ित युवती ने पुलिस को दाती महाराज का ठिकाना और सभी कमरे दिखाए। पुलिस ने सभी जगह की वीडियोग्राफी की और हर कमरे में जाकर तलाशी ली। पुलिस ने आश्रम का नक्शा भी बनाया। पीड़िता ने दाती महाराज का वह ठिकाना भी बताया, जहां उसके साथ दुष्कर्म हुआ था।
जांच में यह भी पता चला है। पाली के सोजत रोड के निकट आलावास स्थित आश्वासन बाल ग्राम एवं पब्लिक स्कूल यानी दाती का गुरुकुल के रजिस्ट्रेशन का नवीनीकरण तीन वर्ष से नहीं कराया गया है। यह वही गुरुकुल है, जिसमें दाती महाराज के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज कराने वाली युवती कई वर्षों तक रही थी। बताया जा रहा है कि इस स्कूल में अनाथ लड़कियों को पढ़ाया जाता है। गुरुकुल के अधिकारियों ने रजिस्ट्रेशन का नवीनीकरण कराने का कोई प्रयास भी नहीं किया था।
बता दे कि दिल्ली पुलिस दुष्कर्म मामले के आरोपी दाती महाराज उर्फ मदनलाल के काफी करीब पहुंच गई है। पुलिस ने उन्हें सोमवार को पूछताछ के लिए बुलाया है। हालांकि उनके पूछताछ में शामिल होने की संभावना काफी कम है। शुक्रवार से ही वह पाली, राजस्थान स्थित आश्रम से गायब है। तब से ही उनका कोई पता नहीं है। अपराध शाखा के वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि महाराज को पूछताछ में शामिल होने के लिए शुक्रवार को ही नोटिस जारी किया गया था।
छतरपुर स्थित शनिधाम में भी नोटिस भेजा गया था। अगर वह तफ्तीश में शामिल नहीं होते हैं तो उन्हें दूसरा नोटिस भेजा जाएगा। पुलिस महाराज के खिलाफ सबूत एकत्र कर रही थी। फिलहाल, उनके खिलाफ काफी सबूत हैं। दिल्ली पुलिस ने दिल्ली व पाली स्थित आश्रमों का मुआयना भी कर लिया है, जहां पीड़ित युवती ने दुष्कर्म का आरोप लगाया था। उधर, कल तक मीडिया व अपराध शाखा के अधिकारियों को वीडियो भेजकर पूछताछ में शामिल होने की बात कहने वाले महाराज गायब हैं। पुलिस को भी आशंका है कि वह पूछताछ में शामिल नहीं होंगे। वहीं, दिल्ली पुलिस ने दो सीसीटीवी फुटेज व डीवीआर आश्रमों से जब्त कर उसे फोरेंसिक जांच के लिए भेजने की बात कही है।
दस्तक इंडिया मीडिया समूह समझता है कि सोशल मीडिया के इस जमाने में आपके पास ब्रेकिंग न्यूज के काफी विकल्प हैं। इसलिए हम उनपर फोकस न करते हुए आपके लिए इनसाइड स्टोरी पर ज्यादा जोर देते हैं, क्योंकि वो आपको कोई नहीं बताता। इसके अलावा हम आपको धर्म, लाईफस्टाईल, टेक और ऑटो जैसी कटैगरी की खबरें भी आप तक पहुंचाते हैं।