Rekha Gupta: दिल्ली की राजनीति में एक नया अध्याय शुरू हो गया है। बुधवार को भारतीय जनता पार्टी ने शालीमार बाग से जीतीं विधायक रेखा गुप्ता को दिल्ली का नया मुख्यमंत्री चुना है। यह घोषणा नवनिर्वाचित भाजपा विधायकों की बैठक में की गई, जिसमें वरिष्ठ भाजपा नेता रविशंकर प्रसाद और ओम प्रकाश धनखड़ भी मौजूद थे। रेखा गुप्ता कल यानी गुरुवार को रामलीला मैदान में मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगी।
27 साल का इंतज़ार हुआ खत्म-
भाजपा के लिए यह जीत कई मायनों में ऐतिहासिक है। पार्टी 27 साल के लंबे अंतराल के बाद दिल्ली की सत्ता में वापसी कर रही है। इस महीने की शुरुआत में हुए विधानसभा चुनावों में भाजपा ने 48 सीटें जीतकर आम आदमी पार्टी को करारी शिकस्त दी। रेखा गुप्ता दिल्ली की चौथी महिला मुख्यमंत्री होंगी, जो राजधानी के विकास की नई कहानी लिखने जा रही हैं।
शालीमार बाग से शानदार जीत-
रेखा गुप्ता ने शालीमार बाग विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ा और 68,200 वोट हासिल किए। उन्होंने आम आदमी पार्टी की बंदना कुमारी को 29,595 वोटों के अंतर से हराया। यह जीत उनके राजनीतिक कौशल और जनता के बीच लोकप्रियता को दर्शाती है। राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर उनका लंबा राजनीतिक अनुभव दिल्ली के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
शपथ ग्रहण की तैयारियां पूरी-
रामलीला मैदान में होने वाले शपथ ग्रहण समारोह की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। रेखा गुप्ता के साथ परवेश वर्मा समेत छह अन्य मंत्री भी शपथ लेंगे। इस समारोह में देश भर के कई दिग्गज नेताओं के शामिल होने की उम्मीद है। सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं और आम जनता के लिए विशेष व्यवस्था की गई है।
ये भी पढ़ें- 25 मिनट के विज्ञापन पर भड़का दर्शक, PVR Inox पर लगा 1 लाख रुपये का जुर्माना, जानें पूरा मामला
नई सरकार से उम्मीदें-
दिल्ली की जनता नई सरकार से बड़ी उम्मीदें लगा रही है। प्रदूषण, यातायात, पानी की समस्या और बुनियादी ढांचे के विकास जैसे मुद्दों पर तत्काल कार्रवाई की आवश्यकता है। रेखा गुप्ता ने चुनाव प्रचार के दौरान इन मुद्दों को प्राथमिकता देने का वादा किया था। उनके नेतृत्व में दिल्ली सरकार किस तरह काम करती है, यह देखना दिलचस्प होगा।
ये भी पढ़ें- चांदनी चौक में बड़ा बदलाव! 12 घंटे का ट्रैफिक बैन, सिर्फ इन गाड़ियों को मिलेगी एंट्री