हरियाणा बीजेपी अध्यक्ष और टोहाना से विधायक सुभाष बराला का बेटा विकास बराला आईएएस अफसर की बेटी वर्णिका कुंडू के साथ छेड़छाड़ के आरोप में फिलहाल दो दिन की पुलिस हिरासत में है।
ऐसे में सुभाष बराला का 2016 का एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें वो सैकड़ों लोगों के साथ बेटी बचाने की शपथ ले रहें हैं।
वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि सुभाष बराला एक कागज से पढ़कर कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को बेटी बचाने की शपथ दिला रहे हैं। लेकिन फिलहाल के घटनाक्रम से तो ऐसा लग रहा है कि सुभाष बराला और हरियाणा सरकार का पूरा जोर बेटे बचाने को लेकर है। आप भी देखें ये वीडियो।
इसमें सुभाष बराला को कहते सुना जा सकता है कि घर या बाहर कहीं भी महिलाओं के खिलाफ हिंसा नहीं होने देंगे। बराला ये भी कहते दिख रहे हैं कि प्रधानमंत्री की ओर से दिए नारे ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ को जन जागरण अभियान बनाने का प्रयास करेंगे। इसके अलावा बराला ने शपथ लेते हुए ये भी कहा कि कन्या भ्रूण हत्या ना करेंगे और ना ही होने देंगे।
सुभाष बराला के इस शपथ लेने के डेढ़ साल बाद छेड़छाड़ मामले में बेटे विकास बराला पर आरोप लगने के बाद हालात बदल गए हैं। राजनीतिक तौर पर सुभाष बराला के लिए जहां दिक्कत बढ़ी हैं वहीं ऐसा कहने वालों की भी कमी नहीं है कि फिलहाल सुभाष बराला का पूरा जोर ‘बेटा बचाने’ पर है।
https://www.youtube.com/watch?v=Wl0ZfzC8hBc