अजय चौधरी
सूरजकुंड, 31 जनवरी। 31 वां अंतराष्ट्रीय सूरजकुंड हस्तशिल्प मेला इस बार थीम स्टेट झारखंड के रंग में रंगा नजर आएगा। मेले की मुख्य चौपाल पर झारखंड की प्रकृति को दर्शाते मोर आपका स्वागत करेंगे। वहीं आदिवासियों के नृत्य और उनकी संस्कृति से परीचित होने का अवसर भी मिलेगा।
मेला में झारखंड की अनूठी संस्कृति एंव समृद्ध विरासत प्रदर्शित की जाएगी। झारखंड ने मेले की मुख्य चौपाल के पास मलूटी मंदिर द्वार का एक स्थाई ढांचा बनाया है। यह मंदिर वहां के सन्थाल परगना क्षेत्र में स्थित है। झारखंड के राज्य चिह्नों को प्रदर्शित करने वाले पांच अस्थाई द्वार भी मेले में बनाए गए हैं। झारखंड के लगभग 300 कलाकार यहां छाऊ, खैरा, करसा, पायका जैसी प्रसिद्ध लोक कलाओं का प्रदर्शन करेंगे।
अंतराष्ट्रीय स्तर पर अपनी अलग पहचान बना चुके इस मेले का शुभारंभ एक फरवरी को हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर करेंगे। इस अवसर पर उनके साथ मिश्र के राजदूत हातेम तगेलिडिन, हरियाणा के पर्यटन एंव शिक्षा मंत्री रामबिलास शर्मा, झारखंड के पर्यटन मंत्री अमर कुमार बौरी प्रमुख रुप से उपस्थित रहेंगे। ये मेला एक से 15 फरवरी तक चलेगा।
इस बार मेले को कैशलैस बनाने का प्रयास किया गया है जिसके तहत शिल्पियों को देना बैंक की तरफ से कार्ड स्वाईप मशीन दी गई है और ट्रांजेंक्शन में कोई रुकावट न हो इसलिए बीएसएनएल मेले में मुफ्त वाई-फाई की सुविधा भी उपलब्ध कराएगा। कैश की किल्लत को देखते हुए इस बार ऑनलाईन टिकट की भी व्यवस्था की गई है। मेले के टिकट बुक मॉय शो एप्प पर उपलब्ध होंगे। दिल्ली मेट्रो के विभिन्न स्टेशनों पर भी मेले के टिकट उपलब्ध कराई गई हैं। वहीं मेले के टिकटों के दामों में इस बार बढोतरी की गई है। टिकट की कीमत 80 से बढाकर 100 रुपये कर दी गई है। वहीं सप्ताहांत में इसकी कीमत 150 रुपये रहेगी।
इस बार मेले में सुरक्षा व्यवस्था भी कडी की गई है। डीसीपी फरीदाबाद आस्था मोदी ने बताया किफड सुरक्षा के मध्यनजर 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरा और 1500 से अधिक पुलिस बल जिनमें 200 महिला पुलिसकर्मी भी शामिल रहेंगी। सीसीटीवी के अलावा पुलिस ड्रोन कैमरे से भी मेले पर नजर रखेगी। एक कंट्रोल रुम के जरिए इन सभी व्यवस्थाओं को नियंत्रित किया जाएगा। मेले के लिए स्पेशल वाट्सएप्प नंबर 9999150000 भी जारी किया गया है।
सूरजकुंड मेले के छह प्रवेशद्वारों पर इस बार जनता की सहयता के लिए हेल्प डेस्क लगाई गई हैं। जिसमें उनकी सहायता के लिए एक एक महिला और पुरुष पुलिस अधिकारी और मेला प्रबंधन के लोग उपस्थित होंगे। मेले के बारे में जानकारी रखने के इच्छुक पर्यटकों के लिए इस बार मेला मित्र का इंतजाम किया गया है। वहीं हर बार की तरह इस बार मेले में आने वाले पर्यटक हेलिकॉप्टर सेवा का लुत्फ नहीं उठा पाएंगे। जिसका कारण कईं राज्य में चुनाव होने की वजह से प्राईवेट हेलिकॉप्टर सेवा कंपनिया वहां व्यस्त होना है।
हरियाणा पर्यटन विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव तथा सूरजकुंड मेला प्राधिकरण के उपाध्यक्ष वीएस कुंडू ने बताया कि मेले में इस वर्ष यूरोप, अफ्रीका और दक्षिण एशिया के 20 से अधिक देश हिस्सा ले रहे हैं। जिम्वांबे, तन्जानिया, ट्यूनीशिया, मंगोलिया और दक्षिण अफ्रीका पहली बार मेले में हिस्सा ले रहे हैं। मेले का समापन 15 फरवरी को हरियाणा और झारखंड के राज्यपाल कप्तान सिंह सोलंकी और द्रौपदी मुर्मू करेंगी।