अनूप चौधरी
फरीदाबाद,18 फरवरी। हरियाणा में चल रहे जाट आंदोलन की संवेदनशीलता से बेखबर फरीदाबाद पुलिस फरीदाबाद मैराथन 2017 का आयोजन करवाने में व्यस्त है। जाट आंदोलनकारी रविवार को प्रदेश में चल रहे धरना स्थलों पर शहीदी दिवस मनाएंगे। इसी दिन रविवार को ही फरीदाबाद पुलिस के 500 जवान 40 हजार की भीड में मैराथन दौड में भाग लेंगे। युवा मामले एंव खेल मंत्रालय के केंद्रीय राज्यमंत्री विजय गोयल मैराथन दौड को हरी झंडी दिखाएंगे।
मैराथन दौड के मौके पर विजय गोयल के अलावा केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर, हरियाणा के उद्योग मंत्री विपुल गोयल, मुख्य संसदिय सचिव सीमा त्रिखा, बसपा के विधायक टेकचंद शर्मा आयोजन स्थल पर मौजूद रहेंगे। फरीदाबाद पुलिस आयुक्त डा. हनीफ कुरैशी की अगुवाई में पुलिस के आला अधिकारी और जिला प्रशासन के तमाम विभागों के मुख्य अधिकारी मौके पर मौजूद रहेंगे।
पुलिस आयुक्त डा. हनीफ कुरैशी ने बताया कि फरीदाबाद में कुल 3257 पुलिसकर्मी हैं। इनमें से कुछ पुलिसकर्मीयों को आंदोलन के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रदेश के अति संवेदनशील जिलों में पहले ही भेजा जा चुका है। आबादी के लिहाज से पुलिसबल की भारी कमी को झेल रहे इस जिले में 19 फरवरी रविवार को 500 पुलिसकर्मी मैराथन दौड में भी भाग लेंगे। इसके चलते जाट आंदोलन के तहत मनाए जा रहे शहीदी दिवस पर किसी अनहोनी घटना को संभालने के लिए पुलिस के पास शयाद ही पर्याप्त पुलिस बल हो।
मालूम हो बीते साल 16 फरवरी को शांतिपूर्ण धरना अचानक हिंसक वारदातों में तब्दील हो गया था। इसमें आगजनी और लूटपाट की वारदातों के अलावा हिंसक झडपें हुई थी। इस आंदोलन में 19 फरवरी को 31 युवा गोली लगने से मारे गए थे। जाट संघर्ष समीति इन्हीं युवाओं के लिए 19 फरवरी को शहीदी दिवस मनाने की घोषणा पर अडिग है। बीते साल भी प्रशासनिक कमी के चलते आंदोलन हिंसक हुआ था। इस बार भी आंदोलन के प्रति प्रशासन की बेरुखी बनी हुई है।
हालांकि पुलिस आयुक्त ने बताया कि फरीदाबाद में जाट आंदोलन का असर नहीं है। पर बीते 20 दिनों से जाट संघर्ष समीति ने और खास तौर से महिलाओं ने गांव गांव जाकर लोगों को आरक्षण के प्रति जागरुक किया है। साथ ही एकजुट होकर संख्या के बल पर सरकार पर दबाव बनाने की नीति पर काम किया जा रहा है। 19 फरवरी की संवेदनशीलता को देखते हुए आम और खास सभी की सांसे रुकी हुई हैं पर पुलिस मैराथन दौड में अपनी ताकत केंद्रित कर रही है।
पुलिस कमिश्नर ने बताया कि मैराथन दौड सेक्टर 12 से शुरु होगी और यहीं पर खत्म होगी। मैराथन दौड में तीन कैटगरी होंगी। इसमें 5 किलोमीटर, 11 किलोमीटर व 21 किलोमीटर की दौड होनी है। 21 किलोमीटर की दौड में पहला पुरुष्कार 51 हजार, दूसरा 31 हजार और तीसरा 21 हजार का है। चौथे, पांचवे व छटे स्थान पर रहने वालों को 11 हजार रुपये दिए जाएंगे। इसी तरह 11 किलोमीटर की दौड में भी पुरुष्कार दिए जाएंगे। मैराथन दौड में अभी तक 36 हजार लोग अपना नाम पंजिकृत करवा चुके हैं।
मैराथन में कुछ सेलिब्रिटी भी हिस्सा ले रहे हैं। इनमें गायक रिचा शर्मा, सोना महापात्रा, शंकर शाहने, रॉक स्टार एमडी, अभिनेता केडी, शक्ति कपूर समेत राष्ट्रीय और अंतराष्ट्रीय स्तर के कईं खिलाडी हिस्सा लेंगे। खास बात यह है कि इस बार तीन हजार से भी अधिक महिलाओं के दौड में भाग लेने की सहमती दी है। इनमें ज्यादातर कॉलेज की छात्राएं हैं।