मॉरिशस के तीन दिवसीय दौरे पर गए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह के सामने तिरंगे के अपमान का मामला सामने आया है। इसको लेकर अब देश में सियासत गर्म हो गई है। विपक्ष ने सवाल उठाने शुरू कर दिए हैं।
दरअसल, यह वाकया प्रवासी दिवस कार्यक्रम के दौरान देखने को मिला। यहां सीएम योगी और गिरिराज सिंह भाग लेने पहुंचे थे। जिस जगह दोनों बैठे थे, वहां तिरंगा उल्टा लगाया गया था। खास बात यह है कि किसी ने भी इस ओर गौर नहीं किया।
यह बात उस समय समाने आई, जब खुद सीएम योगी ने अपने ट्वीटर हैंडल पर अपनी फोटो शेयर की। इसके बाद यह फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हो गई। लोगों के कमेंट आने शुरू गए।
इसके बाद तो विपक्ष को सीएम योगी और गिरिराज पर हमला करने का मौका मिल गया। हालांकि सीएम योगी ने विवादित फोटो हटा जरूर ली, लेकिन उन पर विपक्ष के हमले जारी हैं।
कांग्रेस के प्रवक्ता अखिलेश प्रताप सिंह ने कहा है कि भाजपा का असली चेहरा सामने आ गया है। ये लोग देश को देशभक्ति का पाठ पढ़ाते हैं, लेकिन अपने सामने ही तिरंगे का अपमान होने देते हैं।
तिरंगे के अपमान को लेकर जहां योगी आदित्यनाथ और गिरिराज सिंह को आलोचनाएं सहनी पड़ रही हैं, वहीं मॉरिशस अप्रवासी ट्रस्ट ने तिरंगे के अपमान पर माफी मांगी है। ट्रस्ट का कहना है कि यह सब भूलवश हुआ है। इसके लिए क्षमा चाहते हैं।