सनातन धर्म में मकर संक्रांति के पर्व को बहुत ही खास माना जाता है। देश के विभिन्न राज्यों में मकर संक्रांति पर्व को अलग-अलग तरीकों से मनाया जाता है। यह एक ऐसा पर्व है जिसका धार्मिक महत्व तो है ही, साथ ही ज्योतिष शास्त्र में भी मकर संक्रांति को बहुत महत्वपूर्ण माना गया है। माना जाता है कि सूर्य के मकर राशि में प्रवेश करने पर मकर संक्रांति का पर्व मनाया जाता है। ग्रहों के राजा सूर्य इस समय धनु राशि में संचरण कर रहे हैं, 15 जनवरी 2024 को सूर्य धनु से निकलकर मकर राशि में प्रवेश करेगा और सूर्य इस तरह एक साल में 12 बार राशियों मे परिवर्तन करता है, जिन्हें संक्रांति कहा जाता है। इन सभी संक्रांति में मकर संक्रांति सबसे महत्वपूर्ण होती है क्योंकि इसी दिन से सूर्य दक्षिणायन से उत्तरायण भी होते हैं।
मकर संक्रांति का महत्व-
मकर संक्रांति इसलिए भी महत्वपूर्ण होती है क्योंकि इस दिन सूर्यदेव अपने पुत्र शनिदेव के घर आते हैं। वहीं ज्योतिष की माने तो मकर राशि शनि देव की राशि है। साथ ही सूर्य और शनि शत्रु ग्रह हैं, इस समय यदि कुछ खास उपाय किए जाएं तो कुंडली में सूर्य और शनि दोनों की स्थिति मजबूत हो सकती है, जिससे जीवन में सुख-समृद्धि तो आती ही है साथ ही कामयाबी भी कदम चुमती है।
मकर संक्रांति के उपाय-
मकर संक्रांति के दिन गंगा स्नान या किसी पवित्र नदी में स्नान करना बहुत ही शुभ माना जाता है। यदि नदी में स्नान संभव ना हो तो घर पर ही नहाने के पानी में गंगाजल मिलाकर स्नान करना चाहिए। जिसके बाद स्वच्छ वस्त्र धारण कर सूर्यदेव को अर्घ्य देना चाहिए। इसके लिए तांबे के लोटे में गंगाजल या शुद्ध जल में लाल फूल, लाल चन्दन, तिल आदि डालकर ॐ घृणि सूर्याय नमः मंत्र का जप करते हुए सूर्यदेव को अर्घ्य देना चाहिए। यह उपाय कुंडली में सूर्य ग्रह की स्थिति को मजबूत करता है साथ ही सफलता और अच्छी सेहत भी प्रदान करता है।
यह भी पढ़ें- सिंह राशि वालों के लिए किसी वरदान से कम नहीं है ये रत्न, पहनते ही होंगे ये लाभ
मकर संक्रांति के दिन काले तिल और गुड़ से बनी चीजें, ऊनी कपड़े, कम्बल और खिचड़ी को दान करना चाहिए, ऐसा दान पुण्य करने से सूर्य और शनि दोनों कृपा आप पर बनी रहती हैं। साथ ही आप मकर संक्रांति के दिन तिल-गुड़ का सेवन भी कर सकते हैं, ऐसा करने से जीवन में भगवान सूर्य और शनिदेव दोनों की कृपा दृष्टि पर बनी रहती है।
यह भी पढ़ें- Tulsi Tips: इस तरह करें रोजाना तुलसी पूजन, जीवन में हर मुकाम होगा हासिल