
अजय चौधरी
फरीदाबाद,1जून। हरियाणा सरकार भी अब उत्तरप्रदेश की राह पर निकल पडी है। पहले ऑपरेशन दुर्गा, अवैध बुचडखानों पर पाबंदी और अब हरियाणा सरकार उत्तरप्रदेश की तर्ज पर डॉयल 100 सेवा शुरु करने जा रही है। हालांकि उत्तरप्रदेश में इस सुविधा की शुरुआत अखिलेश सरकार ने जाते जाते की थी। सेवा के सार्थक परिणाम निकलने पर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इसको जारी रखने का फैसला किया था।

हरियाणा पुलिस महानिदेशक(डीजीपी) बलजीत सिंह संधु ने कहा कि हरियाणा पुलिस उत्तरप्रदेश की तर्ज पर हरियाणा में भी अत्याधुनिक डॉयल 100 सेवा का शुभारंभ करने जा रही है। जिसका कंट्रोल रुम पंचकूला में बनाया जाएगा। डीजीपी गुरुवार को फरीदाबाद दौरे पर थे जहां उन्होंने पुलिस आयुक्त कार्यालय में हुई प्रेस वार्ता में ये जानकारी दी।

डीजीपी ने बताया कि डॉयल 100 सेवा के तहत हरियाणा के हर थाने अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस दो पीसीआर दी जाएंगी। जो सीधे कंट्रोल रुम से जुडी होंगी। उन्होने बताया कि किसी के भी 100 नंबर पर फोन करने पर उसकी कॉल सीधे पंचकुला कंट्रोल रुम जाएगी। जिसके बाद कंट्रोल रुम से पीसीआर को निर्देशित कर पीडित की मदद के लिए भेजा जाएगा। उन्होंने कहा यह सुविधा महिला सुरक्षा में भी कारगार साबित होगी और इससे छेडखानी की घटनाओं में कमी आएगी। डीजीपी ने कहा कि महिला सुरक्षा के लिए चलाए गए ऑपरेशन दुर्गा में कुछ खामियां थी। पुलिस हरियाणा में एक बार फिर नए सिरे से इस ऑपरेशन की शुरुआत करेगी ताकि महिलाएं अपने आप को सुरक्षित महसूस कर सकें।

महिला पुलिस थाने पर बोलते हुए डीजीपी ने कहा कि हर जिले में केवल एक ही महिला पुलिस थाना है। जिसपर काफी भार है। उन्होंने कहा कि पुलिस थाने में महिला पुलिसकर्मीयों की संख्या बढाने के साथ साथ नए महिला पुलिस थाने खोलने पर विचार कर रही है। उन्होंने बताया कि हरियाणा पुलिस में 20 जून के बाद 12,000 पुलिसकर्मीयों की भर्ती की जाएगी। जिससे श्रमशक्ति की कमी पूरी होगी और कानून व्यवस्था बनाए रखने में मदद मिलेगी।

