मध्य प्रदेश के मंदसौर में पुलिस फायरिंग में पांच किसानों की मौत के बाद लोगों का गुस्सा उबाल पर है। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी आज मंदसौर के किसानों से मुलाकात करने के लिए निकले।
उपाध्यक्ष राहुल गांधी राजस्थान-मध्य प्रदेश सीमा स्थित निमोड़ा से अपनी सिक्योरिटी को चकमा देकर बाइक पर सवार होकर निकल गए। लेकिन उन्हें मध्य प्रदेश पुलिस ने रोक लिया। इसके बाद वह पैदल आगे बढ़ने की कोशिश कर रहे थे। फिर नयागांव में मध्य प्रदेश पुलिस ने उन्हें एहतियातन हिरासत में ले लिया। उन्हें अस्थायी जेल भेजा गया।
आपको बता दें कि मंगलवार को प्रदेश के मंदसौर जिला स्थित पिपलिया मंडी में किसानों के प्रदर्शन के दौरान पांच किसानों की मौत पुलिस फायरिंग से हो गई थी। इससे पहले पिछले दो दिनों से प्रदेश सरकार पुलिस फायरिंग से इनकार कर रही। इस पुलिस फायरिंग में पांच किसानों की मौत होने के साथ-साथ छह अन्य किसान घायल भी हुए थे। इसके चलते राज्य के पश्चिमी भाग में अपनी उपज का वाजिब दाम लेने सहित 20 मांगों को लेकर एक जून से आंदोलनरत किसान अब मध्य प्रदेश सरकार के साथ आर-पार की लड़ाई करने पर उतर आए हैं।