झारखंड की राजधानी रांची से दौ सौ किलोमीटर दूर गिरीडीह ज़िले में एक घर के बाहर मृत गाय मिलने पर भीड़ ने उस घर में आग लगा दी। इतना ही नहीं भीड़ ने एक व्यक्ति के साथ बुरी तरह मारपीट की। ये घर उस्मान अंसारी नामक व्यक्ति का था जिन्हें भीड़ ने अपने गुस्से का निशाना बनाया। इसके अलावा घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने जब बुरी तरह से घायल उस्मान को अस्पताल ले जाने की कोशिश की तो भीड़ ने रास्ता रोककर पुलिस को अपना काम करने से भी रोका।
वहीं उत्तर प्रदेश के मुज़फ्फरनगर में भीड़ ने पुलिस पर एक अफ़वाह के चलते हमला कर दिया। दरअसल मुज़फ्फरनगर में पुलिस को अवैध तरीके से भैंस काटने की ख़बरें मिली थी। पुलिस इस अफ़वाह की जांच-पड़ताल करके जब लौट रही थी, तब भीड़ ने पुलिस पर हमला कर दिया, पुलिस पर पत्थर फेंके गए और पुलिस की गाड़ी में भी तोड़-फोड़ की गई।
बता दें कि हाल ही में पश्चिम बंगाल के दिनाजपुर जिले में गौ-तस्कर होने के शक में तीन लोगों की पीट-पीटकर जान ले ली गई थी। भीड़ द्वारा मारे गए लोगों पर इलाके से गाय चोरी करने का आरोप था। घटना के बाद पुलिस से तीन लोगों को गिरफ्तार भी किया है। जिन लोगों की मौत हुई उनके नाम नसीरुल हक (30 साल), मोहम्मद समीरुद्दीन (32 साल) और मोहम्मद नासिर (33 साल) थे। मिली जानकारी के मुताबिक, लगभग 10 लोगों का एक ग्रुप गुरुवार की रात को गांव में घुसा। वे लोग वैन गाड़ी में आए थे। कथित तौर पर उन लोगों ने दो घरों से गायों को उठा लिया था और जैसे ही वे तीसरे घर की तरफ बढ़े तब ही किसी ने शोर मचाकर सबको सतर्क कर दिया। इसपर आसपास के लोग इकट्ठा हो गए। दस में से बाकी लोग तो भाग गए लेकिन तीन पकड़ में आ गए जिनको लोगों ने पकड़कर जमकर पीटा।