दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की कार गुरुवार को चोरी हो गई। मीडिया रिपोट्स के मुताबिक, गुरुवार को दिल्ली सचिवालय के बाहर से सीएम केजरीवाल की वैगनआर चोरी हो गई।
दरअसल, चोरी हुई नीले रंग की वैगन आर कार से अरविंद केजरीवाल का खास रिश्ता है। राजनीति में आने के पहले से ही केजरीवाल इस कार का प्रयोग करते रहे हैं। कार चोरी का केस दिल्ली के आईपी थाने में दर्ज कराया गया है।
गौर करने वाली बात यह है कि दिल्ली सचिवालय का यह इलाका बेहद सुरक्षित माना जाता है। यहां की सुरक्षा व्यवस्था पर हमेशा दिल्ली पुलिस की खास नजर होती है। फिलहाल अरविंद केजरीवाल इस कार का इस्तेमाल खुद नहीं करते थे। इस कार का प्रयोग आम आदमी पार्टी की मीडिया संयोजक वंदना सिंह कर रही थीं।
मालूम हो कि अरविंद केजरीवाल खुद को आम आदमी दिखाने के लिए अक्सर अपने बयानों में अपनी इसी नीली रंग की वैगनआर का जिक्र करते रहे हैं। साल 2015 में आम आदमी पार्टी के एक समर्थक ने दावा किया था कि उसी ने इसी नीली रंग की वैगनआर कार को केजरीवाल को गिफ्ट किया था। आपको बता दें कि जब केजरीवाल पहली बार 49 दिन के लिए मुख्यमंत्री बने थे तो उन्होंने सरकारी गाड़ी लेने से मना कर दिया था। वे इसी वैगन आर कार से सीएम ऑफिस जाया करते थे।
https://www.youtube.com/watch?v=DWD2NI3Hf5w