महेंद्र सिंह धोनी के हाथ से कप्तानी बेशक चली गई हो, लेकिन उनके भीतर के कप्तान को आप खत्म नहीं कर सकते। कप्तानी विराट कोहली को सौंपने के बाद भी धोनी ने कई बार यह साबित किया है कि मैदान पर कप्तान वही हैं। जिस तरह से वह युवा खिलाड़ियों को गाइड करते हैं और उन्हें दिशा निर्देश देते हैं, वह उनके कप्तानी के रूप को ही दिखाता है।
हाल ही में यजुवेंद्र चहल ने बताया कि किस तरह बिना किसी को पता लगे धोनी युवाओं को निर्देश देते हैं। उन्होंने एक वेबसाइट से बात करते हुए कहा, धोनी भाई अब भी हमारे कप्तान हैं। जब विराट कोहली मिड ऑन या लॉन्ग ऑन पर फील्डिंग कर रहे होते हैं तब हमें किसी ऐसे शख्स की जरूरत होती है जो हमें गाइड कर सके। कोहली के लिए यह संभव नहीं होता कि वह हर बार हमारे पास आएं। ऐसे में धोनी ही हमें गाइड करते हैं।
चहल के मुताबिक, धोनी किस तरह कोहली को अपनी जगह पर ही फील्डिंग करने का इशारा करते हैं। धोनी विराट से कहते हैं, तू वहीं रह मैं देख लूंगा। वास्तव में इससे समय बचता है। धोनी के पास लंबा अनुभव है। हम भाग्यशाली हैं कि हम धोनी के साथ खेल रहे हैं। धोनी टीम के युवा खिलाड़ियों को छोटे कहकर बुलाते हैं।
https://www.youtube.com/watch?v=dTakq0s0844