मुंबई से दिल्ली जा रहे प्लेन में धमकी भरा खत प्लांट करने वाले मुंबई के रहने वाले बिरजू किशोर सल्ला को अपनी यह शरारात बहुत महंगी पड़ने वाली है। हर हफ्ते फ्लाइट लेने वाले मुंबई के एक मशहूर जूलर का बेटा बिरजू को नो फ्लाइंग लिस्ट में डाला गया है, जिससे उसे अब ट्रेन से यात्रा करनी होगी। बिरजू के इस शरारत खत ने सोमवार को राष्ट्रीय सुरक्षा एजेंसी (NIA) के भी होश उड़ा दिए थे। प्लेन को आनन-फानन में अहमदाबाद लैंड करवाना पड़ा था। आखिर इस यात्री ने ऐसा क्यों किया, पूछताछ में कई दिलचस्प बातें सामने आ रहे हैं।
जांच में खुलासा हुआ कि बिजनस क्लास में सफर कर रहे एक यात्री बिरजू ने ही लेटर को रखा था। यात्री ने आरोप कबूलते हुए अपनी इस हरकत के पीछे फ्लाइट की ही एक क्रू मेंबर से प्रेम और जेट एयरवेज से पुरानी खुन्नस निकालने का मकसद बताया है। NIA जल्द ही इस मामले की जांच अपने हाथ में लेने वाली है। बिरजू ने जिस कंप्यूटर का इस्तेमाल इस लेटर को लिखने और उसका ऑनलाइन सॉफ्टवेयर के जरिए उर्दू में अनुवाद किया है, उसे जब्त करने के लिए एक दल मुंबई रवाना हो चुका है।