क्यूबा के दिवंगत राष्ट्रपति एवं क्रांतिकारी नेता फिदेल कास्त्रो के सबसे बड़े बेटे ने आत्महत्या कर ली। वह 68 वर्ष के थे। सरकारी मीडिया ने यह जानकारी दी। कास्त्रो डियाज बलार्ट का शव गुरुवार सुबह मिला। वह अवसाद से जूझ रहे थे। उन्हें ‘फिदेलिटो’ नाम से जाना जाता था। वह फिदेल कास्त्रो की पहली संतान थे। फिदल कास्त्रो का नवंबर 2016 में निधन हो गया था।
कई क्यूबा निवासियों फिदेलिटो को एक सेना की वर्दी पहने उस छोटे लड़के के रूप में याद हैं जब उन्होंने क्रांति के बाद अपने पिता के साथ आठ जनवरी, 1959 को विजयी भाव के साथ हवाना में प्रवेश किया था। फिदेल कास्त्रो डियाज बालार्ट अपने पिता के साम्यवादी आदर्शों के प्रति हमेशा वफादार रहे। उन्होंने अपने पिता के निधन के 15 महीने बाद आत्महत्या कर ली। फिदेल कास्त्रो का 90 वर्ष की आयु में निधन हो गया था।
फिदेल जूनियर ने साम्यवादी शासित देश में परमाणु शक्ति कार्यक्रम के विकास का सूत्रपात करने में मदद की। वह एक वैज्ञानिक थे जिन्होंने पूर्व सोवियत संघ में भौतिकी की पढ़ाई की थी।वह क्यूबा सरकार के वैज्ञानिक सलाहकार और देश की ‘अकेडमी ऑफ साइंसेस’ के उपाध्यक्ष के तौर पर सेवाएं दे रहे थे। वह नैनोसाइंस पर व्याख्यान देते हुए हाल में सार्वजनिक रूप से दिखाई दिए थे। उन्हें इस विषय में विशेषज्ञता हासिल थी। सरकारी मीडिया ने बताया कि उनका परिवार उनके अंतिम संस्कार की तैयारी करेगा।