दुनियाभर के रईस अगर अपनी वेल्थ से अपने ही देश की सरकार चलाना चाहें तो वे कितने दिनों तक ऐसा कर सकते हैं? इसे लेकर ब्लूमबर्ग ने एक सर्वे किया।इस लिस्ट में 49 देशों को शामिल किया गया है, साथ ही उस देश के खर्चे और वहां के सबसे अमीर व्यक्ति की कुल संपत्ति भी लिखी गई है। लिस्ट पर गौर करें तो भारत के सबसे धनी व्यक्ति मुकेश अंबानी 40.3 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ 20 दिन तक सरकार का खर्च उठा सकते हैं।
49 शख्सियतों की इस लिस्ट में में चार महिलाएं भी हैं। जो अंगोला, ऑस्ट्रेलिया, चिली और नीदरलैंड का प्रतिनिधित्व कर रही हैं। लिस्ट में किसी भी देश की सरकार के खर्चे और वहां के सबसे अमीर शख्स की कुल संपत्ति की तुलना की गई है। इस लिस्ट में सबसे ज्यादा संपत्ति वाले जेफ बेजॉस अपने देश (अमेरिका) का 5 दिन का खर्च उठा सकते हैं।
कल्पना कीजिए यदि सरकार अचानक से संसाधनरहित हो जाए और ऐसी स्थिति में देश के सबसे अमीर लोगों की कुल संपत्ति सरकार को दान कर दी जाए तो कितने दिन तक सरकार का खर्च चल सकता है। इस लिस्ट में एक नाम साइपरस नाम के छोटे से देश का भी है। वहां के सबसे अमीर शख्स जॉन फ्रेड्रिकसेन अपनी 10 बिलियन डॉलर की कुल संपत्ति के साथ 1 साल से ज्यादा समय तक अपने देश का खर्च उठा सकते हैं।
इस लिस्ट में जिन देशों की सरकारों को चलाना सबसे महंगा रहेगा, उनमें जापान, पॉलैंड, अमेरिका और चीन हैं। चीन के जैक मा 45.5 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ अपने देश की फंडिंग महज 4 दिन तक कर सकते हैं।