आतंकवाद के पनाहगाह पाकिस्तान ने सीमा पर एक बार फिर से सीजफायर तोड़ा है। उसने जम्मू-कश्मीर के सांबा सेक्टर की चमलियाल पोस्ट पर सीमा पार से फायरिंग की, जिसमें एक असिस्टेंट कमांडेंट समेत बीएसएफ के चार सुरक्षा कर्मी शहीद हो गए। बुधवार सुबह पाकिस्तान की ओर से अंतरराष्ट्रीय सीमा पर की गई गोलीबारी में पांच सुरक्षा कर्मी घायल भी हुए हैं। शहीद सुरक्षा कर्मियों में असिस्टेंट कमांडेंट जितेंद्र सिंह, सब इंस्पेक्टर रजनीश, एएसआई रामनिवास और कांस्टेबल हंसराज शामिल हैं। जम्मू-कश्मीर के डीजीपी एसपी वैद ने इसकी जानकारी।
बीएसएफ (जम्मू फ्रंटियर) के आईजी राम अवतार ने कहा, ‘‘पाकिस्तानी रेंजर्स ने बीती रात रामगढ़ सेक्टर में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर गोलीबारी की। हमने एक असिस्टेंट कमांडेंट रैंक के अधिकारी समेत चार सुरक्षाकर्मियों को खो दिया है जबकि हमारे पांच जवान घायल हो गए हैं। ’’ शहीद होने वाले जवान बीएसएफ के असिस्टेंट कमांडेट जीतेंद्र सिंह, सब इंस्पेक्टर रजनीश, असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर रामनिवास और कांस्टेबल हंसराज हैं।
उन्होंने बताया कि पाकिस्तानी रेंजर्स और बीएसएफ हाल ही में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर संघर्ष विराम के लिए सहमत हुए थे। लेकिन पाकिस्तान ने सीमा पार से गोलीबारी की। जम्मू कश्मीर के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) एस पी वैद्य ने एक ट्वीट कर घटना पर दुख जताया। उन्होंने कहा, ‘‘जम्मू के रामगढ़ सेक्टर में सीमा पार से गोलीबारी में एक असिस्टेंट कमांडेंट समेत बीएसएफ के चार जवान शहीद हो गए। हमारी संवेदनाएं मृतकों के परिजनों के प्रति है।’’
अंतरराष्ट्रीय सीमा पर यह संघर्ष विराम उल्लंघन की दूसरी बड़ी घटना है। वहीं 29 मई को दोनों देशों के डीजीएमओ के बीच 2003 के संघर्षविराम समझौते को लागू करने पर राजी होने के बावजूद यह घटना हुई है। तीन जून को प्रागवाल, कानाचक और खौर सेक्टर में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर पाकिस्तानी रेंजर्स की भारी गोलाबारी और गोलीबारी में एक असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर समेत दो बीएसएफ जवान शहीद हो गए थे और 10 लोग घायल हो गए थे।
दोनों देशों के डीजीएमओ 29 मई को 2003 के संघर्षविराम समझौते को अक्षरश: लागू करने पर सहमत हो गए थे। पिछले महीने 15 मई और 23 मई के बीच पाकिस्तान की ओर से भारी गोलीबारी के कारण जम्मू, कठुआ और सांबा जिलों में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर रह रहे हजारों लोगों को अपने घरों को छोड़कर जाना पड़ा था। इस दौरान गोलीबारी में दो बीएसएफ जवान और एक बच्चे समेत 12 लोग मारे गए थे और कई अन्य घायल हो गए थे।
दस्तक इंडिया मीडिया समूह समझता है कि सोशल मीडिया के इस जमाने में आपके पास ब्रेकिंग न्यूज के काफी विकल्प हैं। इसलिए हम उनपर फोकस न करते हुए आपके लिए इनसाइड स्टोरी पर ज्यादा जोर देते हैं, क्योंकि वो आपको कोई नहीं बताता। इसके अलावा हम आपको धर्म, लाईफस्टाईल, टेक और ऑटो जैसी कटैगरी की खबरें भी आप तक पहुंचाते हैं।