मुंबई से आये दिन यौन शोषण से जुड़े नए-नए मामले सामने आते रहते है। ऐसा ही एक नया मामला सामने आया है। मुंबई में लड़की के साथ एक शख्स ने एटीएम रूम के भीतर यौन उत्पीड़न किया। लड़की एक म्यूजिक शो से अपने घर लौट रही थी। करीब ढाई बजे रात को घर के पास पहुंचने पर वह ऑटोवाले को किराए का पैसा देने के लिए एटीएम गई थी। लड़की ने घटना का ब्योरा ट्विटर और इंस्टाग्राम पर लिखा है। लड़की ने बताया है कि घटना उसके बर्थडे की रात हुई।
देर रात मुलुंद में किसी वजह से एसबीआई के एटीएम से लड़की को पैसे नहीं मिले। तभी एटीएम में एक शख्स आया और मदद की पेशकश की। उसने कहा कि वह ऑटोवाले को पैसे देने में मदद कर सकता है, लेकिन लड़की ने इनकार कर दिया।
बाहर निकलने पर लड़की और ऑटोवाले की बहस हो गई कि वह अब पैसे कैसे देगी। तभी पास से गुजर रही पुलिस वैन रुकी तो लड़की ने उन्हें अपनी स्थिति बताई। इसके बाद लड़की ने दोबारा एटीएम में पैसे निकालने की कोशिश की।
दूसरी बार पैसे निकालने की कोशिश के दौरान वह शख्स फिर एटीएम में आया और लड़की के कंधे और जांघों को टच करते हुए कहा कि क्या उसे मदद की जरूरत है। लड़की तुरंत पीछे हटी और चिल्लाई।
तभी आरोपी ने लड़की को संबोधित करते हुए अपना प्राइवेट पार्ट जीन्स से बाहर निकाल लिया। लड़की घटना का वीडियो बनाना शुरू कर चुकी थी। लड़की के चिल्लाने पर आरोपी वहां से तेजी से भाग निकला।
लड़की भागते हुए पुलिस वालों के पास गई जिन्होंने पकड़ने के लिए उसका पीछा किया। आरोपी की पहचान संदीप कुंभरकर के तौर पर हुई है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, शख्स पर महिलाओं के साथ यौन उत्पीड़न की धाराओं में केस दर्ज किया गया है। गिरफ्तारी के बाद शख्स कहने लगा कि वह घटना के वक्त शराब के नशे में था।