आंध्र प्रदेश के गुंटूर जिले में एक खुले बोरवेल में 2 वर्षीय बच्चे के गिरने का मामला सामने आया है। जिसके बाद वहां अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया। बोरवेल से बच्चे को निकालने के लिए बचाव अभियान चलाया गया।
हालांकि 12 घंटे चले बचाव कार्य के बाद 2 वर्षीय चंद्रशेखर को बचा लिया गया। फिलहाल उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। दरअसल चंद्रशेखर नाम का यह बच्चा खेल के दौरान बोरवेल में जा गिरा था। मवेशियों की देखभाल के दौरान बच्चे की मां का ध्यान बेटे पर नहीं गया जिस कारण यह हादसा हो गया।
पुलिस के मुताबिक, बच्चा 15 फीट गहरे गढ्ढे में गिरा था। जिसके बाद बच्चे को बचाने के लिए एक और गढ्ढा साथ में खोदा गया। जिंदगी और मौत की जंग लड़ रहे बच्चे को एनडीआरएफ की टीम ने बचा लिया है।