टीम इंडिया ने गुरुवार को खेले गए पहले वनडे में द. अफ्रीका को 6 विकेट से हरा दिया। भारत 270 रनों के लक्ष्य का पीछा कर रहा था। इस मैच में जीत के हीरो रहे विराट कोहली, जिन्होंने शानदार शतकीय पारी खेली। हालांकि विराट जीत से पहले आउट हो गए थे, जिसके बाद धोनी ने 46वें ओवर में चौका जड़कर भारत को जीत दिलाई।
वहीं इस मैच में एक ऐसा नजारा देखने को मिला जो शायद ही किसी भी भारतीय फैन को पसंद आए। ये नजारा कुछ ऐसा था जो पिछली बार फैंस ने सिर्फ सुना था, लेकिन इस बार देख भी लिया। हम बात कर रहे हैं विराट कोहली और शिखर धवन की।
रोहित का विकेट गिरने के बाद धवन 35 रन बनाकर क्रीज पर टिके हुए थे। इसी बीच 13वें ओवर की एक गेंद पर धवन ने एक शॉट खेलने की कोशिश की लेकिन वो इसे ठीक से खेल नहीं पाए। गेंद करीब खड़े फील्डर मार्कराम के पास जा रही थी, लेकिन जब तक धवन गेंद से नजर हटाकर ऊपर देखते तब तक विराट दौड़ लगाते हुए दूसरे छोर के करीब पहुंच चुके थे।
धवन ने जैसे ही विराट को देखा वो सन्न रह गए और फिर रन लेने के लिए दौड़े हालांकि तब तक काफी देर हो चुकी थी, गेंद फील्डर के पास थी और धवन आधी पिच पर ही थे। फील्डर ने आसानी से दूसरे छोर के विकेट पर निशाना साधा और धवन को रन आउट कर दिया। धवन आउट होते ही पीछे विराट की ओर देखकर बड़बड़ाने लगे और पवेलियन लौट गए नाराज धवन का इशारा कोहली को लेकर साफ था कि वह कोहली के कारण रन आउट हुए हैं।