नेपाल में एक 40 साल की ट्रांसजेंडर महिला ने एक 22 साल के लड़के से शादी रचाई है। नेपाल के इतिहास में ये पहला मौका है जब किसी ट्रांसजेंडर की शादी को आधिकारिक रूप से मान्यता दी गई है। नेपाल के एक छोटे से गांव में पैदा हुईं मोनिका शाही नाथ ने इसी साल अपनी उम्र से 18 साल छोटे लड़के रमेश नाथ योगी से शादी रचाई थी, लेकिन इनकी शादी को कानूनी रूप से मान्यता नहीं मिली थी।
दरअसल, नेपाल में ट्रांसजेंडर्स की शादी से जुड़ा कोई कानून नहीं है। इसके चलते मोनिका की शादी को कानूनी मान्यता देने के लिए खुद ड्रिस्ट्रिक्ट ऑफिशियल्स ने मैरिज सर्टिफिकेट जारी किया। पासपोर्ट में भी तीसरी कैटेगरी में हैं मोनिका।
मोनिका का जन्म पश्चिमी नेपाल के एक छोटे से गांव में मनोज नाम के लड़के के रूप में हुआ था। हालांकि उन्हें बचपन में ही अपने अलग होने का अहसास हो गया था।
मोनिका कहती हैं कि वो स्कूल में भी हमेशा लड़कियों के साथ बैठना, उन्हीं की तरह कपड़े पहनकर घूमना चाहती थीं।
मोनिका के मुताबिक नेपाल में ट्रांसजेंडर्स को पहचान देने के लिए कई बेहतर कानून बनाए गए हैं लेकिन आज भी कई लोगों को अपनी पहचान के लिए जूझना पड़ता है।
मोनिका नेपाल की पहली ट्रांसजेंडर महिला हैं, जिन्हें पासपोर्ट में भी तीसरी कैटेगरी (अदर्स) के रूप में रखा गया है।